Advertisement

सबलपुर में ₹51 करोड़ से आरंभ बोल्डर पिचिंग का सांसद व् विधायक ने किया शिलान्यास

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारा क्षेत्र को बाढ़ और भीषण कटाव की त्रासदी से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। क्षेत्र के बाढ़ एवं कटाव पीड़ितों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए 26 मई को लगभग ₹51 करोड़ की लागत से बोल्डर पिचिंग कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। स्थानीय सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी और सोनपुर विधायक विनय सिंह ने संयुक्त रूप से पुष्प वर्षा कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों में भारी उत्साह और हर्ष देखी गई।

​शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान एक अनोखा नजारा तब देखने को मिला जब सांसद राजीव प्रताप रूडी और विधायक विनय सिंह ने खुद पोकलेन मशीन चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उपरोक्त नेताओं के इस अंदाज का वहां मौजूद जनसैलाब ने तालियों और गगनभेदी जयघोष के साथ स्वागत किया।

​उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष आई भीषण बाढ़ और नदी के कटाव के कारण सबलपुर क्षेत्र में भारी तबाही मची थी, जिससे सैकड़ों परिवार बेघर और प्रभावित हो गये थे। इस गंभीर संकट के समाधान के लिए ग्रामीणों ने एक विशेष कमेटी बनाकर सारण सांसद रूडी से मुलाकात की थी। सांसद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग के मंत्री और वरीय अधिकारियों से लगातार पैरवी की। उन्हीं के प्रयासों के फलस्वरूप बिहार सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी, जिसका काम अब धरातल पर शुरू हो चुका है।

​इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि बोल्डर पिचिंग होने से सबलपुर दियारा क्षेत्र के हजारों रहिवासियों को बाढ़ और कटाव की विभीषिका से हमेशा के लिए राहत मिलेगी। कहा कि सारण जिले में विकास की गति तेज है और कई बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ​उन्होंने अधिकारियों और संवेदक को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी तरह मानक और गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए।

कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ​सांसद ने क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी सौगात की जानकारी देते हुए बताया कि सबलपुर के समीप से ही प्रस्तावित गंगा अंबिका पथ के निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका काम जल्द ही शुरू होगा। इस परियोजना से यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।​ इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें संगम धाम सबलपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और गंगा अंबिका पथ को सबलपुर के तीनों तरफ नदी के किनारों से गुजारने की मांग की गई है।

​सबलपुर की इस विकट समस्या का समाधान होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने सांसद रूडी, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए साधुवाद दिया। आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा तथा संचालन सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश शर्मा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यपालक अभियंता द्वारा सांसद तथा जल संसाधन विभाग के एसडीओ द्वारा विधायक सिंह को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, राजीव सिंह मुनमुन, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेशु सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, आदित्य सिंह छोटू, मोनू कुमार, सरपंच दिलीप शर्मा, कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार राय, संतोष कुमार प्रभाकर, एसडीओ धर्मेंद्र कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह, मुखिया पति अमरेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, संजीव सिंह, महेंद्र सिंह, बिरजू पासवान, दिलीप सिंह, टुनटुन सिंह, रंजीत सिंह सक्सेना, राहुल सिंह, सनी सहित भारी संख्या में गणमान्य ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *