रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के कोलबेंदी पंचायत के ग्राम मामरकुदर टोला हरिलागोड़ा में जिला अनाबद्ध निधि से स्वीकृत पीडब्ल्यूडी रोड व् गार्डवाल निर्माण कार्य का शिलान्यास पूर्व मंत्री सह चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक ने 26 जून को विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया। ज्ञात हो कि मामरकुदर से हरिलागोड़ा जाने वाले मार्ग के बीच जोरिया में पुलिया सहित 300 फीट गार्डवाल का निर्माण होना है।
इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत संरचना का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह पुलिया एवं गार्डवाल निर्माण कार्य वर्षों से क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण आवश्यकता थी। इसके निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन की कठिनाइयाँ दूर होंगी तथा मामररकुदर, हरिलागोड़ा एवं आसपास के गांवों के हजारों रहिवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
विधायक रजक ने कहा कि क्षेत्र के रहिवासियों ने जिस विश्वास के साथ मुझे अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना मेरा कर्तव्य है। चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की किरण पहुँचाना मेरा संकल्प है। कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार निरंतर किया जा रहा है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनता की हर जायज़ मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं संवेदक को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। शिलान्यास कार्यक्रम में जालू महतो, बाबूलाल महतो, अरुण सिंह देव, शंकर सिंह देव, प्राण महतो, मनोज महतो, प्रकाश शर्मा, दामोदर महतो, संपद महतो, दिनेश महतो, प्रकाश ओझा, माणिक चंद्र गोराई, रमेश महतो, गणेश दास, विकाश दास, आमीन महतो सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य रहिवासी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
![]()













Leave a Reply