Advertisement

गोमिया में पानी की नियमित सप्लाई की जाएगी सुनिश्चित-मंत्री

मंत्री ने झामुमो कार्यालय में सुनीं समस्या, ऑन द स्पॉट किया निवारण

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता सह मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने 7 जुलाई को बोकारो जिला के हद में गोमिया के कोठीटांड़ स्थित प्रखंड झामुमो कार्यालय में जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोमिया एवं पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

झामुमो कार्यालय पहुंचने पर गोमिया बस्ती के भगत आहरा मोहल्ले के ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत किया। ग्रामीणों ने बताया कि इस मोहल्ले में पहले पानी की पाइपलाइन नहीं थी, जिस कारण रहिवासियों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी होती थी। मंत्री के प्रयास से अब यहां पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने कहा कि मंत्री ने पानी को लेकर जो वादा किया था, उसे पूरा किया। इसी खुशी में वे उनका स्वागत करने आए हैं। मौके पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि गोमिया एवं पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नया इंटेकवेल बनाया गया है और नई पाइपलाइन बिछाई गई है। यह योजना अब चालू भी हो गई है।

इससे क्षेत्र के रहिवासियों को अब निर्बाध रूप से शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पानी की आपूर्ति के लिए बिजली बिल मद में 4500 करोड़ रुपये का भुगतान कर रही है। लेकिन योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए ग्रामीणों का भी सहयोग जरूरी है। उन्होंने अपील की कि रहिवासी महीने का 65 रुपये पानी शुल्क समय पर जमा करें, ताकि कर्मचारी नियमित रूप से पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर पानी पहुंचा सकें।

मंत्री ने आश्वस्त किया कि गोमिया और पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पानी की सप्लाई नियमित रूप से हो और इसका आर्थिक भार उपभोक्ताओं पर न पड़े, इसके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इस दौरान मंत्री ने झामुमो कार्यालय में पहुंचे रहिवासियों की समस्याएं भी सुनीं और कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन समस्याओं के निपटारे में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। मौके पर विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान, पूर्व मुखिया धनंजय सिंह, गणेश यादव, गुलाबचंद्र, नरेश मंडल, कोपेश्वर यादव, राजू शाही, कृष्ण दयाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *