Advertisement

बहादुरपुर से पिरगुल का मुख्य रास्ता ब्लॉक, हजारों ग्रामीण रहिवासी बने कैदी

निर्माण कंपनी एनजी प्रोजेक्ट की मनमानी के खिलाफ आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। एनजी प्रोजेक्ट नामक निर्माण कंपनी द्वारा बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था का निर्माण किए ही सीधे अधूरे पुल का निर्माण शुरु करने के बाद बोकारो जिला के हद में कसमार-बहादुरपुर भाया पिरगुल मुख्य मार्ग को 29 जून को अचानक बंद कर दिया है। इस लापरवाही और प्रशासनिक अनदेखी के कारण बहादुरपुर से पिरगुल को जोड़ने वाला मुख्य पारंपरिक रास्ता मे आने-जाने वाले छोटे बड़े वाहनों का पूरी तरह परिचालन रुक गया है।

बताया जाता है कि सड़क बंद होने के बाद से इस मार्ग पर निर्भर हजारों की आबादी अपने ही गांवों में कैद होने को विवश है। नियमों के मुताबिक, किसी भी सड़क या पुल परियोजना के निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों के आवागमन के लिए सुरक्षित डायवर्सन या वैकल्पिक रास्ता बनाना अनिवार्य होता है। लेकिन निर्माण एजेंसी ने सभी सुरक्षा और तकनीकी मानकों को ताक पर रखकर सीधे पुल का निर्माण 29 जून से शुरू कर दिया है। नतीजा यह हुआ कि बहादुरपुर और पिरगुल के बीच का सीधा संपर्क पूरी तरह कट गया है।

क्षेत्र के ग्रामीण रहिवासियों ने बताया कि उक्त रास्ता बंद होने से अब गांव में एम्बुलेंस या कोई अन्य चार पहिया वाहन नहीं पा रही है। किसी के बीमार होने पर उसे खटिया या पैदल मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ेगा। वहीं, दूसरी ओर बच्चों को स्कूल जाने के लिए कई किलोमीटर का लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मनमानी को लेकर बहादुरपुर और पिरगुल के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे इस संबंध में बोकारो जिला प्रशासन, उपायुक्त और संबंधित विभाग को लिखित शिकायत सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। यदि अविलंब वैकल्पिक रास्ता (डायवर्सन) बहाल नहीं किया गया और ग्रामीणों के आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई, तो क्षेत्र के रहिवासी निर्माण कंपनी के खिलाफ उग्र आंदोलन और चक्का जाम करने को बाध्य होंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *