प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के दिशा-निर्देशों के आलोक में 3 जुलाई को जिला के हद में पेटरवार प्रखंड कार्यालय सभागार में लर्निंग लाइसेंस (एलएल)/नवशिखुवा चालक अनुज्ञप्ति अभियान एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अमित कुमार महतो, आशीष भारद्वाज, गोविंद प्रताप सिंह, संतोष चौबे के देखरेख में कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए पेटरवार प्रखंड के आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ो की संख्या में युवा एवं युवती मौजूद थे। अभियान के दौरान कुल 197 आवेदन प्राप्त किए गये। इनमें 67 अभ्यर्थियों का लर्निंग लाइसेंस टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें 49 अभ्यर्थी सफल रहे तथा 18 अभ्यर्थी असफल।
कार्यक्रम के अंतर्गत आमजन को हिट एंड रन मुआवजा योजना एवं गुड समैरिटन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी वाहन चालकों एवं आम रहिवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक देशवासी का नैतिक दायित्व है। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी रक्षा करें। दुर्घटना की स्थिति में घायल की मदद करने से न हिचकिचाएं तथा गुड समैरिटन योजना का लाभ उठाते हुए मानवता का परिचय दें।
इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों का समय और पैसा बचाना है ,ताकि उन्हें अपने प्रखंड में ही लर्निंग लाइसेंस की सुविधा मिल सके। अधिक से अधिक पात्र को लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
![]()













Leave a Reply