Advertisement

बाढो नगर तांतरी में सौर ऊर्जा संचालित पानी टंकी निर्माण कार्य का शिलान्यास

विधायक मद से ₹4.07 लाख की लागत से बनेगी पेयजल योजना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो विधानसभा क्षेत्र के जरीडीह प्रखंड अंतर्गत तांतरी पंचायत के बाढो नगर स्थित श्रीश्री सहदेव मिश्रा महाकालेश्वर मंदिर के समीप विधायक मद से स्वीकृत 4 लाख 7 हजार रुपये की लागत से बनने वाली डीप बोरिंग एवं सौर ऊर्जा संचालित पानी टंकी निर्माण योजना का शिलान्यास 29 जून को बेरमो विधायक कुमार जय मंगल सिंह ने किया।

जानकारी के अनुसार बेरमो विधायक ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सौर ऊर्जा आधारित जलापूर्ति योजना से स्थानीय रहिवासियों को वर्षभर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा और जल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। क्षेत्र के रहिवासियों के आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेरमो विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी पहल आगे भी निरंतर जारी रहेगी। शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक के सहयोगी कार्यकर्ताओं के अलावा पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य रहिवासी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *