Advertisement

हर घर से सालाना ₹1200 टैक्स वसूली का विरोध करेगी खेग्रामस-सुरेंद्र

सदस्यता अभियान के दौरान राशन कार्ड, पेंशन, भूमि एवं आवास के उठाए गए सवाल

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के सदस्यता अभियान के तहत समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक एवं हरिशंकरपुर बघौनी के धोबिया पोखर पर 5 जुलाई को बैठक आयोजित की गई। अभियान का नेतृत्व भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता एवं जीतेंद्र सहनी ने संयुक्त रूप से की।

इस अवसर पर बैठक को संबोधित करते हुए माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि ग्रामीण गरीबों पर हर घर से सालाना 1200 रुपये टैक्स वसूली का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं में कटौती से ग्रामीण रहिवासी परेशान है। ऐसे में अतिरिक्त कर का बोझ डालना गरीबों के साथ अन्याय होगा। खेग्रामस इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करेगी।

बैठक में वक्ताओं ने बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने, आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं, बंद वृद्धावस्था पेंशन, मोसमात पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन को अविलंब चालू करने की मांग की। साथ ही भूमिहीन गरीबों को भूमि एवं आवास उपलब्ध कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र जनों तक पहुंचाने की मांग की गई।

मौके पर नेताओं ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव में संगठन को मजबूत किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। सदस्यता अभियान के दौरान दर्जनों ग्रामीणों ने खेग्रामस की सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में स्थानीय ग्रामीणों एवं खेग्रामस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *