Advertisement

कलयुगी पुत्र ने टांगी से कटकर की पिता की हत्या, गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। शराब के नशे में धुत एक कलयुगी पुत्र ने टांगी से काटकर अपने पिता की हत्या कर दी है। आरोपी पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर कागजी कार्रवाई कर शव को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के तिलैया पंचायत के लुगू पहाड़ की तलहटी स्थित कारीपानी गांव से यह दर्दनाक घटना सामने आई है। जिसमें कलयुगी पुत्र ने नशे की हालत में अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना बीते 26 जून की देर रात की बताई जा रही है। इस घटना के बाद से पूरा गांव स्तब्ध है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अर्जुन करमाली अपने मामा के घर आयोजित एक कार्यक्रम से देर रात घर लौटा था। वह नशे में धुत था। पिता 63 वर्षीय जयलाल करमाली ने उसे जमकर फटकार लगाई। बेटे से कहा कि उसकी शराब की लत के कारण परिवार में हमेशा विवाद रहता है। पत्नी भी तंग आकर मायके चली गई है। पिता की बात सुनकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में उसने घर में रखी टांगी उठाकर अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। इस वार से जयलाल करमाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय रहिवासियों ने मृतक के आरोपी पुत्र को मौके पर हीं पकड़ लिया और उसे घर में ही बांधकर रखा। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जागेश्वर बिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई करते हुए शव को अंत्य परीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया। हत्या में इस्तेमाल टांगी भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर ली है। घटना की पुष्टि करते हुए जागेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने 27 जून को कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कहा कि आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *