एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। कोल इंडिया में 12वें जेबीसीसीआई के गठन में हो रही देरी को लेकर कोयला कर्मियों का सब्र टूटता नजर आ रहा है। इसे लेकर एक जुलाई को बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढ़ोरी क्षेत्र के एएसडीओसीएम परियोजना कल्याणी के कैन्टीन में संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में जल्द से जल्द वेतन बोर्ड जेबीसीसीआई 12वां गठन करने की मांग को लेकर कोयला मजदूरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर आयोजित पीट मीटिंग की अध्यक्षता जवाहर लाल यादव ने किया। कल्याणी परियोजना में पीट मीटिंग के बाद संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने सीसीएल ढोरी महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और प्रबंधन को मांग पत्र सौंपते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब वेतन समझौते में और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कल्याणी परियोजना में आयोजित पीट मीटिंग में संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने 12वें जेबीसीसीआई के तत्काल गठन की मांग को लेकर कर्मचारियों को एकजुट किया। इसके बाद यूनियन प्रतिनिधि ढोरी महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे, जहां मुख्य गेट के समीप प्रदर्शन कर महाप्रबंधक के माध्यम से कोल इंडिया प्रबंधन और केंद्र सरकार के नाम मांग पत्र सौंपा। नेताओं ने कहा कि 11वें राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौते की अवधि समाप्त होने के बावजूद अब तक 12वें जेबीसीसीआई का गठन नहीं होना कोयला कर्मियों के साथ अन्याय है। वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द वेतन समझौते की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। संयुक्त ट्रेड यूनियनों ने दो टूक कहा कि कोयला कर्मियों के अधिकारों से अब किसी तरह का समझौता नहीं होगा।
प्रदर्शन में एटक के महामंत्री लखन लाल महतो, झाकोमयू के रिजनल सचिव जयनारायण महतो, आरसीएमयू के क्षेत्रीय सचिव शिवनंदन चौहान, बृज किशोर पांडेय, सीएमयू के एरिया सचिव आर. उनेश, जमसं के ढ़ोरी क्षेत्रीय सचिव विकास कुमार सिंह सहित जितेंद्र दूबे, गणेश मल्लाह, जयराम सिह, महफूज आलम, राजू भूखिया, आनंद विश्वकर्मा, प्रमोद सिंह, शशि सिंह, बैजनाथ सिंह, धीरज पांडेय, मुरारी सिंह, भीम महतो, रवि शंकर ठाकुर, नरेश प्रसाद महतो, मोहम्मद कलीमुद्दीन, मोहम्मद कयूम खान, मोहम्मद कलीम खान, प्रकाश महतो, चंदन तिवारथा, जयनाथ मेहता, बनवीर मिश्रा आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply