अंडर-12 में गोपीढांकी व् अंडर-15 में मध्य विद्यालय पाथुरिया बना विजेता
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। ग्रामीण खेलकूद को प्रोत्साहित करने को लेकर झारखंड सरकार द्वारा आयोजित प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ 2 जुलाई को बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के प्लस-2 हाई स्कूल बेलडीह मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जरीडीह उप प्रमुख सिंथोनी मुर्मू एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य यमुना हांसदा ने फीता काटकर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया।
प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में अंडर-12 वर्ग में गोपीढांकी की टीम विजेता बनी, जबकि अंडर-15 वर्ग में मध्य विद्यालय पाथुरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के सफल संचालन में प्रतिनियुक्त शिक्षक अजय कुमार नायक, बीपीओ सपन कुमार दास, कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित सागर सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन भी व्यवस्थित ढंग से किया गया।
इस अवसर पर उपप्रमुख सिंथोनी मुर्मू ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है। कहा कि झारखंड सरकार की यह पहल ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर दे रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और जिले व राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
यमुना हांसदा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उचित मंच और प्रोत्साहन की होती है। कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं
अध्यापक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार नायक ने कहा कि विद्यालयों में खेल संस्कृति को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। कहा कि पढ़ाई के साथ खेल में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सरकार की खेलो झारखंड जैसी योजनाएं ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का बेहतर माध्यम बन रही हैं। शिक्षकों का प्रयास है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को आगे बढ़ने का अवसर मिले। बीपीओ सपन कुमार दास ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रखंड स्तर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें जिला एवं राज्य स्तर तक पहुंचाना है। कहा कि सभी विद्यालयों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करता है, इसलिए विद्यालयों में नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
![]()













Leave a Reply