Advertisement

पहली ही सूची में हीं ताजपुर में 3867 व् समस्तीपुर में 60 हजार राशनकार्ड रद्द

भेरोखरा में ग्रामीण बैठक का आयोजन व् समस्याओं पर चर्चा

प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के भेरोखरा गांव में 17 जून को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की ग्राम बैठक आयोजित की गई। बैठक में ताजपुर प्रखंड में 3867 तथा समस्तीपुर जिले में लगभग 60 हजार राशनकार्ड रद्द किए जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। इसे गरीबों के खाद्य सुरक्षा के अधिकार पर हमला बताया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि रद्द किए गए राशनकार्डों को पुनर्बहाल कराने की मांग को लेकर आगामी 30 जून को ताजपुर प्रखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवार राशन से वंचित हो गए हैं, जिससे उनके सामने गंभीर खाद्य संकट उत्पन्न हो गया है। सरकार को अविलंब सभी पात्र परिवारों का राशनकार्ड बहाल करना चाहिए। वक्ताओं ने भूमिहीन को वासभूमि एवं आवास भी देने की मांग की।

बैठक के दौरान सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें 50 ग्रामीणों को खेग्रामस का सदस्य बनाया गया। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा जन समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गरीबों का राशनकार्ड रद्द करना अन्यायपूर्ण है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि राशनकार्ड पुनर्बहाली, मनरेगा में काम, वासभूमि एवं आवास जैसे मुद्दों पर संगठन संघर्ष को और तेज करेगा। नेतृत्व भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता, स्थानीय नेता प्रमोद साह, ललीता देवी, प्रमिला देवी, प्रमोद कुमार, सुधा देवी, संजय पोद्दार, भूखलू साह, देवनारायण साह आदि ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

ताजपुर के हरपुर भिंडी में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या

एक अन्य समाचार के अनुसार जिला के हद में ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी में 17 जून को एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने हत्याकांड के खिलाफ गांधी चौक ताजपुर नेशनल हाईवे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया है। सड़क पर आगजनी भी की गई है। मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है लेकिन आक्रोशित भीड़ हत्यारे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। मृतक हरपुर भिंडी वार्ड 3 रहिवासी स्व. रामप्रसाद राय के 40 वर्षीय पुत्र कुशेश्वर राय के रूप में की जा रही है। हत्या के कारणों का अबतक पता नहीं चल पाया है। समाचार प्रेषण तक क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *