Advertisement

खबर का असर: अडबंधा तालाब का दोबारा खुदाई कार्य पर रोक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर पंचायत के अडबंधा तालाब की दोबारा खुदाई को लेकर उठे विवाद और जनप्रतिनिधियों द्वारा जताई गई आपत्तियों का असर अब दिखाई देने लगा है।

तालाब के पुनः जीर्णोद्धार एवं गहरी खुदाई को लेकर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार सवाल उठाए जाने के बाद फिलहाल खुदाई कार्य बंद कर दिया गया है।

गौरतलब है कि मधुकरपुर के पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत पांडेय और वार्ड सदस्य राहुल स्वर्णकार ने तालाब की दोबारा खुदाई को सरकारी धन के दुरुपयोग से जोड़ते हुए इसकी जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि लगभग सात वर्ष पूर्व ही तालाब का जीर्णोद्धार किया गया था और वर्तमान में तालाब सिंचाई, स्नान एवं मत्स्य पालन के लिए उपयोगी है। ऐसे में दोबारा गहरी खुदाई की आवश्यकता पर सवाल उठ रहे थे।

जनप्रतिनिधियों ने यह भी चिंता जताई थी कि तालाब के बिल्कुल समीप सरकारी विद्यालय स्थित है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा अध्ययन करते हैं। तालाब को और अधिक गहरा करने से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है तथा भविष्य में दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि मामले को लेकर लगातार विरोध और सवाल उठने के बाद प्रशासन एवं संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर गया, जिसके बाद कार्य को रोक दिया गया है। हालांकि, ग्रामीणों की मांग है कि योजना की उपयोगिता, तकनीकी आवश्यकता और स्वीकृत राशि की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन योजनाएं जनहित और आवश्यकता के अनुरूप होनी चाहिए। फिलहाल कार्य बंद होने के बाद पंचायत क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। रहिवासी आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *