रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची के पुरुलिया रोड अनगड़ा स्थित जेडी नेशनल बी.एड. कॉलेज में 5 जुलाई को 11वां जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयोजित समारोह में समाज के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
आयोजित कार्यक्रम में बोकारो जिला के हद में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, रांची के पूर्व सांसद राम टहल चौधरी, शिक्षाविद् अमर कुमार चौधरी तथा बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश और राज्य के भविष्य हैं। उन्हें उचित मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। पूर्व सांसद राम टहल चौधरी ने कहा कि शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य छात्रों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
शिक्षाविद् अमर कुमार चौधरी ने कहा कि प्रतिभा तभी निखरती है जब उसे उचित मंच और सम्मान मिलता है। कहा कि विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करना चाहिए, तभी वे जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकेंगे।
इस अवसर पर बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि युवा प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिक्षा और संस्कार के बल पर ही समाज एवं राज्य का समग्र विकास संभव है। समारोह के दौरान अतिथियों ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा, अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply