राकोमयू कार्यालय में महागठबंधन प्रत्याशी का भव्य स्वागत

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। गिरिडीह लोकसभा के इंडिया गठबंधन (महागठबंधन) के प्रत्याशी का 25 अप्रैल की संध्या बोकारो जिला के हद में कथारा चार नंबर स्थित राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर यहां बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता माले नेता बालेश्वर गोप तथा संचालन कांग्रेसी नेता विजय यादव ने किया।

उक्त बैठक में उपस्थित तमाम जनों द्वारा सर्वसम्मति से इंडिया प्रत्याशी को तन, मन के साथ गिरिडीह लोकसभा से चुनाव जीताने पर विशेष बल देने की बात कही गई।
इस अवसर पर महागठबंधन प्रत्याशी ने कहा कि वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने में लगी है। साथ हीं देश के सरकारी उद्यमो को निजी पूंजीपतियों के हांथो में सौंपने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि आज देश में ग़रीबी, बेरोजगारी तथा महंगाई चरम पर है। संविधान पर चोट की जा रही है। विरोधियों को प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है। ऐसी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेकने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताने की जरूरत है।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे माले नेता बालेश्वर गोप ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में यहां का कैप्टिव पावर प्लांट बंद होकर पुरी तरह खंडहर में तब्दील हो गया है। सरकार द्वारा एशिया के सबसे बड़े कथारा वाशरी को बंद करने की साजिश की जा रही है। इससे क्षेत्र में बेरोजगारी बढ़ी है।

झामुमो बोकारो जिला सचिव जयनारायण महतो ने कहा कि बेरमो तथा गोमियां विधानसभा क्षेत्र के उनके समर्थक नेतागण अपने अपने क्षेत्र में इंडिया गठबंधन को ज्यादा से ज्यादा वोट दिलाने के लिए जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। यह अच्छा संकेत हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए भाकपा माले नेता विकास सिंह ने कहा कि यह लड़ाई संविधान को बचाने, हमारे बच्चों के भविष्य, हमारी एकता और देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि अडाणी, अंबानी के खिलाफ बोलने पर महिला सांसद महुआ मोइत्रा को जलील किया गया। आजादी के बाद पहली बार 155 सांसदों को वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर जबरन संसद से बाहर कर दिया गया।

कांग्रेसी नेता व् राकोमयू सीसीएल सचिव सह कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कहा कि इंडिया गठबंधन तभी मजबूत होगा जब झारखंड के सभी सीट से गठबंधन प्रत्याशी जीतकर संसद में जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का ध्यान गिरिडीह, धनबाद तथा हजारीबाग तीनों सीट पर जीत पक्का करना है। इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने की जरूरत है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि धनबाद और गिरिडीह में इंडिया गठबंधन प्रत्याशी को जिताकर यहां की जनता जरुर संसद में भेजने का काम करेगी। जो स्व. राजेंद्र प्रसाद सिंह, स्व. जगरनाथ महतो तथा स्व. टेकलाल महतो के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि हम सब को गारंटी लेना होगा तभी हम अपने नेता को जिताने का काम कर सकेंगे।

चुनाव तक हम सबों को आपसी ईगो को दूर करना होगा।
सिंह ने कहा कि वर्ष 1991 में स्व. विनोद बिहारी महतो, 1992 में उनकी मृत्यु के बाद उनके पुत्र राजकिशोर महतो तथा 2004 में स्व. टेकलाल महतो यहां से सांसद बने थे।

वही मीडिया से बात करते हुए इंडिया गठबंधन के गिरिडीह लोकसभा उम्मीदवार सह टुंडी विधायक ने कहा कि केंद्र की सरकार को यहां के बेरोजगारी महंगाई किसानों पर जुल्म पलायन जैसी अन्य समस्याओं पर किसी तरह का ध्यान नहीं है। सिर्फ एक ही जुमला है 400 पार।

उन्होंने कहा कि गिरिडीह लोकसभा चुनाव में जनता ही सर्वोपरि है। हमारा मुद्दा बेरोजगारी, महंगाई, महिला सशक्तिकरण, पलायन पर रोक पर विशेष बल देने की है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा 75 प्रतिशत स्थानीय को नौकरी दिए जाने से यहां का पलायन रुकेगा। कहा कि केंद्र की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने में तमाम जनों का साथ हो, ताकि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाया जा सके।

मौके पर भोलू खान, रंजीत महतो, पानबाबू केवट, विकास सिंह, इकबाल अहमद, मथुरा सिंह यादव, देवेंद्र यादव, तपेश्वर चौहान, शमशुल हक, अतुल शंकर अवस्थी, वेदव्यास चौबे, झामुमो बेरमो प्रखंड महिला प्रकोष्ठ सचिव बुलबुल देवी, सुनीता कुमारी, इम्तियाज अहमद, देवाशीष आस, आशीष चक्रवर्ती, मुर्शिद अली, इस्लाम अंसारी, गुलाम मुस्तफा, मो. मुर्शीद, हेमू यादव, धनेश्वर यादव, एनके त्रिपाठी, तपेश्वर चौहान, शब्बीर अहमद अंसारी उर्फ शब्बू, सुबीर रॉय, टुंडी विधायक के आप्त सचिव मदन महतो सहित अन्य सैकड़ो समर्थक मौजूद थे।

आयोजन कर्ता राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने तमाम जनों से एक जुट होकर बेरमो विधानसभा से भारी से भारी मतों से गिरिडीह लोकसभा के प्रत्याशी को विजय बनाने की अपील की।

 52 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *