विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के तुलबुल पंचायत भवन में एक जून को आम प्रदर्शनी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में दर्जनों प्रजाति के आम आकर्षण का केंद्र रहा।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में तुलबुल पंचायत भवन में आम प्रदर्शनी महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो एवं मुखिया ममता देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर महोत्सव में तुलबुल, ललपनिया समेत आसपास के गांवों के किसानों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में मालदा, दशहरी, लंगड़ा, आम्रपाली, मल्लिका, बम्बई ग्रीन, हिमसागर आदि दर्जनों प्रजाति के आमों को प्रदर्शित किया गया। जैविक विधि से तैयार आम को उपस्थित गणमान्य जनों ने खासतौर पर सराहा।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो ने कहा कि गोमिया क्षेत्र की जलवायु आम की खेती के लिए उपयुक्त है। ऐसे आयोजनों से किसानों को नई तकनीक और बेहतर बाजार की जानकारी मिलती है। उन्होंने बताया कि सरकार आम बागवानी को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिसका क्षेत्र के किसान लाभ उठा सकते हैं। मुखिया ममता देवी ने कहा कि तुलबुल पंचायत को आम उत्पादन का हब बनाया जाएगा। कहा कि इससे यहां के किसानों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी। महोत्सव में बड़ी संख्या में किसान, रहिवासी और बागवानी से जुड़े विशेषज्ञ मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply