एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बोकारो जिला कांग्रेस कमेटियों की एक महत्वपूर्ण संवाद बैठक 4 जुलाई को बोकारो जिला के हद में फुसरो नप क्षेत्र के पांच नंबर धौरा स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी के बोकारो जिलाध्यक्ष जवाहरलाल महथा की अध्यक्षता में आयोजित संवाद कार्यक्रम में संगठन को धरातल पर मजबूत करने और जनसरोकारों को प्राथमिकता देने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान रहा। इसे सफल बनाने के लिए पार्टी ने व्यापक रणनीति तैयार की है। कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलओ के साथ बेहतर तालमेल बैठाएं और यह सुनिश्चित करें कि हर पात्र रहिवासी का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। पार्टी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए मताधिकार को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए संकल्प लिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी का भी नाम बिना वैध कारण के न कटे।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर सक्रियता ही कांग्रेस की असली ताकत है। प्रत्येक बूथ तक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लेते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ कार्य में जुटने का आह्वान किया।
महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के प्रभारी प्रदीप कुमार तुलसियान, सह प्रभारी राजेश सिंह, गिरिडीह जिला प्रभारी आभा सिन्हा, धनबाद जिला प्रभारी राकेश किरण महतो, प्रदेश सचिव मनोज यादव, बाघमारा विधानसभा प्रभारी अवध नारायण प्रसाद और बेरमो विधानसभा प्रभारी राशिद राजा अंसारी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त बेरमो प्रखंड अध्यक्ष छेदी नोनिया, गोमिया प्रखंड अध्यक्ष पंकज पांडेय और पेटरवार प्रखंड अध्यक्ष शब्बीर अंसारी के साथ परवेज अख्तर, प्रेम राय, सुबोध मिश्रा, खुर्शीद अहमद, अनवर हुसैन, पम्मी सिंह, रेहाना राज व् कांग्रेस के सैकड़ो वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply