Advertisement

भूमि अधिग्रहण के खिलाफ सोनपुर में किसानों की महा बैठक

आगामी 9 जून को अनुमंडल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन का निर्णय

​अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप, टोपो लैंड और हवाई अड्डा निर्माण योजना के तहत होने वाले भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों में गहरी आशंका है। क्षेत्र के किसानों से जुड़े उपरोक्त मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए किसान महासंघ की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बीते एक जून को आयोजित की गई। यह बैठक नयागांव स्टेशन स्थित शहीद राजेंद्र स्मारक स्थल के समीप आयोजित की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों ने हिस्सा लिया।

​बैठक में सर्वसम्मत निर्णय लिया गया कि भूमि अधिग्रहण के कथित त्रुटिपूर्ण तरीके के खिलाफ आगामी 9 जून को क्षेत्र के तमाम किसान सरकार के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन सोनपुर रेलवे स्टेशन से शुरू होकर अनुमंडल कार्यालय तक जाएगा, जिसके बाद एसडीओ को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस प्रदर्शन में किसानों के साथ-साथ बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी शामिल होंगे।

इस बावत जानकारी देते हुए ​सरपंच संघ के अध्यक्ष भरत सिंह ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में सैटेलाइट टाउनशिप, टोपो लैंड और हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की घोषणा के बाद से ही क्षेत्र के किसान असमंजस में हैं। इसी पृष्ठभूमि में बुलाई गई इस समीक्षा बैठक में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, किसानों के अधिकार, मुआवजा नीति और इसके दूरगामी लाभ-हानि पर विस्तार से चर्चा की गई।

​बैठक के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया, जिनमें ​जमीन अधिग्रहण से कृषि कार्यों पर पड़ने वाले प्रतिकूल असर, वर्तमान बाजार दर के अनुसार पारदर्शी मुआवजे की मांग, ​किसानों की कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित करना और आजीविका के संकट को दूर करना शामिल है। बैठक में किसान हितो की रक्षा के लिए आगे के आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में आगामी ​9 जून को होने वाले विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं सहित आम जनों से बड़ी संख्या में जुटने की अपील की गई। आयोजक चंद्रशेखर प्रसाद राय ने स्पष्ट किया कि यह पूरा आंदोलन किसानों के हितों और उनके भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए किया जा रहा है, जिसमें शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में प्रेमचंद सिंह, सत्यनारायण राय, नूरेन हक, धीरज सिंह, भोला राम, प्रदीप ठाकुर, मुसाफिर महतो, संजय कुमार सहित सैकड़ों किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *