Advertisement

श्रमिकों का अधिकार छीनने वाले चार लेबर कोड बर्दाश्त नहीं-जयनारायण महतो

जेसीएमयू का एक दिवसीय मजदूर सेमिनार मे जेबीसीसीआई गठन की मांग

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। सीटू से सम्बन्ध झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (जेसीएमयू) ढोरी क्षेत्र का एक दिवसीय सेमीनार 4 जुलाई को बोकारो जिला के हद में क्षेत्रीय कार्यालय मकोली में आयोजित किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय सचिव जयनाथ मेहता ने की। बैठक में यूनियन के जोनल सचिव सीसीएल जयनारायण महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से केंद्र सरकार द्वारा चार लेवर कोड के तहत यूनियन की मान्यता, यूनियन के सदस्यता अभियान तथा आगे की रणनीति पर विचार किया गया। बैठक में जेसीएमयू जोनल सचिव जयनारायण महतो ने केंद्र सरकार की श्रमिक नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकार चार लेबर कोड के माध्यम से मजदूरों के अधिकारों को सीमित करना चाहती है, जिसे यूनियन कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगी।

महतो ने कहा कि बीते 30 जून को 12वां वेतन समझौता समाप्त होने के बावजूद सरकार ने अब तक जेबीसीसीआई का गठन नहीं किया है, जो कोयला मजदूरों के प्रति सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेबीसीसीआई गठन, 12 वां वेज बोर्ड और आगामी चुनाव को लेकर यूनियन ने कमर कस ली है। कहा कि यूनियन का लक्ष्य ढोरी क्षेत्र सहित पूरे सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, एमसीएल और एनसीएल में अपनी स्थिति मजबूत करना और आगामी चुनाव में 20 प्रतिशत मत हासिल कर सलाहकार बोर्ड में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

क्षेत्रीय सचिव जयनाथ मेहता ने कहा कि ढोरी क्षेत्र में यूनियन की बढ़ती ताकत और प्रबंधन के साथ सहयोग पर सकारात्मक रुख अपनाया है। मेहता ने कहा कि वर्ष 2025 में यूनियन की सदस्यता लगभग 15 प्रतिशत थी, जिसे बढ़ाकर इस वर्ष 20 प्रतिशत से अधिक ले जाने का लक्ष्य है। ढोरी क्षेत्र के नए महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह के पदस्थापन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे इस क्षेत्र से पहले से जुड़े हैं। यहाँ की कार्य प्रणाली के जानकार हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए जीएम के कुशल नेतृत्व में ढोरी क्षेत्र ओबी और कोयला उत्पादन के निर्धारित लक्ष्यों को आसानी से हासिल करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यूनियन मजदूरों की समस्याओं यथा क्वार्टर, प्रमोशन, एसएलपी, बिजली और पानी के समाधान के लिए प्रबंधन के साथ मिलकर काम करेगी। उन्हें उम्मीद है कि प्रबंधन सभी मुद्दों को प्राथमिकता से हल करेगा।

बैठक मे ढोरी क्षेत्र के अध्यक्ष सुभाष चंद्र महतो, बनबीर मिश्रा, उपाध्यक्ष रामावतार सिंह, किशुन नायक, मोहरी महतो, बीडी कुशवाहा, गोविन्द रजक, वीरेंद्र कुमार महतो, धनेश्वर सिंह, रंजीत सिंह, पंकज कुमार, लालजी मुर्मू, विक्रम मांझी, अर्जुन दिगार, आशीष कुमार, रवि साव आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *