Advertisement

मुहर्रम की पूर्व संध्या पर कसमार में फ्लैग मार्च, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से 25 जून की शाम बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के विभिन्न गांवों एवं मुख्य सड़कों पर कसमार पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजनों को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया गया।

जानकारी के अनुसार फ्लैग मार्च में कसमार के अंचलाधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह, कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहे। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम जनों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है। सभी आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं। उन्होंने अफवाहों से बचने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी से क्षेत्र के रहिवासियों में सुरक्षा का भाव देखने को मिला। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और शांति भंग करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *