Advertisement

बोकारो पुलिस द्वारा चैन छिनतई के पांच कांडों का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई चैन छिनतई की पांच घटनाओं का बोकारो पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए चैन छिनतई में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर चैन छिनतई के पांच मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस पकड़े गये आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने 2 जुलाई को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। चैन छिनतई जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और एसआईटी की सतर्क कार्रवाई के कारण इन मामलों का शीघ्र उद्भेदन संभव हो सका। आम रहिवासियों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।

एसपी मीणा ने कहा कि बोकारो पुलिस जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *