एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 30 जून को भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जून माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 6 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस क्रम में सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 110 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय रांची में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएँ एवं स्मृतियाँ साझा की। सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में पी एंड आईआर विभाग के मुख्य प्रबंधक(मानव संसाधन) अतनु चौधरी, पी एंड आईआर विभाग के कार्यालय अधीक्षक (ओएस) विनोद एमेल सुरीन, सुरक्षा उप-निरीक्षक, जेएसएसपीएस बिरसा उरांव, उत्पादन विभाग के कार्यालय अधीक्षक एआई पंकज कुमार, सीएमपीएफ विभाग के कार्यालय अधीक्षक लैजरस खलखो एवं गांधीनगर अस्पताल की मैट्रन अनिता निर्मला तिर्की को सम्मानित कर विदाई दी गयी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने सेवाकाल के दौरान आपने अपनी लगन, निष्ठा और कार्यकुशलता से कंपनी को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई है। आपके अनुभव, अनुशासन और समर्पण ने संगठन की कार्य संस्कृति को समृद्ध किया है। आपकी सेवाएं सदैव प्रेरणादायी रहेंगी और आपका योगदान कंपनी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने सभी के स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply