Advertisement

डुमरी के प्रवासी मजदूर की मलेशिया में मौत

परिजनों ने शव मंगवाने की सरकार से लगायी गुहार

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। इसी क्रम में गिरिडीह जिला के हद में निमियांघाट थाना क्षेत्र के पोरैया भिखानीडीह के युवक की मलेशिया में बीते 10 मार्च को मौत हो गयी। मौत के बाद परिजनों ने उनके अंतिम दर्शन के लिए सरकार से गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार डुमरी प्रखंड के हद में निमियांघाट थाना क्षेत्र के भिखानीडीह निवासी सुखदेव राय के 21 वर्षीय पुत्र अशोक कुमार राय की मलेशिया में आकस्मिक मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव वाले भी शोक में हैं। मृतक अशोक कुमार राय मलेशिया के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। वह घर का एकलौता कमाऊ पुत्र था। घटना के बाद परिजनों ने केंद्र व् राज्य सरकार से शव को मंगवाने की गुहार लगायी है।

इस घटना को लेकर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट की है। उन्होंने सरकार से मलेशिया से शव लाने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड के नौजवानों की मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है।इससे पहले भी कई झारखंड के सपूतो की मौत हो चुकी है।

वे रोजी-रोटी की तलाश में परदेस जाते रहे हैं। प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है। हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को झारखंड में ही रोजगार की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि यहां से मजदूरो का पलायन को कारगर तरीके से रोका जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *