अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने 30 जुलाई को हाजीपुर–सुगौली नई रेल लाइन परियोजना के तहत देवरिया–सुगौली रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश देना था।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम सरन ने स्टेशन परिसर, पैनल रूम और सब-वे का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए सुरक्षा मानकों के पूर्ण पालन पर जोर दिया। उन्होंने साहेबगंज में निर्माणाधीन स्टेशन के विकास कार्यों की समीक्षा की और कार्यदायी एजेंसियों को संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं केसरिया में स्टेशन भवन के साथ-साथ निर्माणाधीन रोड अंडर ब्रिज और रोड ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया।
मौके पर डीआरएम ने हाजीपुर–सुगौली रेल लाइन को क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में रेल संपर्क बेहतर होगा, आवागमन सुगम बनेगा और व्यापार व पर्यटन को नई गति मिलेगी। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल अभियंता-III, उप मुख्य अभियंता (निर्माण-II) हाजीपुर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply