रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय चट्टी में एक जुलाई को स्कूली बच्चों के बीच बैग एवं पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में कसमार पंचायत की वार्ड सदस्य सेवा देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को बैग और पुस्तकें प्रदान करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सह विद्यालय सचिव प्रीतम कुमार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखा गया। उपस्थित रहिवासियों ने कहा कि समय पर शैक्षणिक सामग्री मिलने से बच्चों की पढ़ाई में सुविधा होगी और उनमें शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी। वार्ड सदस्य सेवा देवी ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है।
कहा कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। बैग और पुस्तकों का वितरण इसी सोच के साथ किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय के विकास के लिए उनका सहयोग हमेशा जारी रहेगा।

प्रधानाध्यापक सह विद्यालय सचिव प्रीतम कुमार ने कहा कि बच्चों को समय पर बैग और पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध होने से उनकी पढ़ाई में काफी सुविधा मिलेगी और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। कहा कि विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि प्रत्येक छात्र नियमित रूप से विद्यालय आए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अनुशासन के साथ आगे बढ़े। अभिभावकों का सहयोग भी बच्चों की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने खुशी जाहिर करते हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार ने सभी से बच्चों की शिक्षा के लिए निरंतर सहयोग करने की अपील की।
![]()













Leave a Reply