यज्ञ पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुई भगवान का अवभृत स्नान
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व विख्यात हरिहर क्षेत्र सोनपुर के प्रसिद्ध श्रीगजेंद्र मोक्ष देवस्थानम नौलखा मंदिर में चल रहे 26वें श्रीब्रह्मोत्सव सह श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ के छठे और अंतिम दिन 12 फरवरी को प्रातःकालीन बेला में हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की।
जानकारी के अनुसार यहां यज्ञ पूर्णाहुति के बाद भगवान श्रीगजेन्द्र मोक्ष बालाजी वेंकटेश को पालकी में बिठाकर अवभृत स्नान के लिए पवित्र नारायणी नदी में ले जाया गया। स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज स्वयं अपने मस्तक पर भगवान को लेकर डुबकी लगाया। साथ हीं सैकड़ों श्रद्धावान भक्तों ने भी भगवान के अवभृत स्नान के साथ-साथ नारायणी नदी में डुबकी लगाया।
प्रातः काल विष्वकसेन पूजनोपरांत यज्ञशाला में आवाहित सभी देवी – देवताओं का पूजन अर्चन किया गया। हरिहरक्षेत्र पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य के नेतृत्व में आचार्य कौशलेन्द्र ओझा, झूना जी एवं विद्वान ब्राह्मणों ने यजमानों से पूर्णाहुति की आहुतियां दिलवाई।
उक्त अवसर पर जगद्गुरु स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने कहा कि सम्पूर्ण यज्ञ का फल पूर्णाहुति दर्शन से मिलता है। यहां हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप और यज्ञ स्थल की परिक्रमा की। दोपहर बारह बजे से महाप्रसाद का महाभण्डारा प्रारम्भ किया गया। उपर्युक्त अवसर पर देवस्थान प्रबंधक नन्दकुमार राय ने बताया कि यज्ञ शान्तिपूर्ण और समर्पण भाव के साथ संपन्न हो गया। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किए।
भगवान श्रीबालाजी वेंकटेश श्रीपद्मावती महालक्ष्मी कल्याण विवाह महोत्सव संपन्न
इससे पूर्व बीते 11 फरवरी को श्रीगजेंद्र मोक्ष भगवान बालाजी वेंकटेश, श्रीदेवी, श्रीभूदेवी को तीन क्विंटल गाय के दूध से महाभिषेक कराया गया। उसके बाद श्रीबालाजी वेंकटेश, श्रीमहालक्ष्मी पद्मावती माता का अद्भुत श्रृंगार किया गया। संध्या 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक भगवान श्रीबालाजी वेंकटेश तथा श्रीपद्मावती महालक्ष्मी माता का कल्याण विवाह महोत्सव मनाया गया। उपस्थित माताओं ने न सिर्फ भगवान के विवाह में गीत गाया, बल्कि श्रद्धा पूर्वक नाच -गान भी किया और उल्लास के साथ इस महोत्सव को मनाया। विवाह उत्सव में वर पक्ष और कन्या पक्ष बनकर सभी यजमान बड़े उल्लासित दिखे।
श्रीत्रिदण्डी स्वामी जी के श्रीविग्रह का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न
इस अवसर पर बीते 11 फरवरी को काशी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी नारायणाचार्य मुमुक्षु स्वामी नवलखा मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर में उपस्थित हरिहरक्षेत्र रहिवासियों को धर्म परायण होने का आशीर्वाद दिया। इससे पूर्व बीते 10 फरवरी को श्रीत्रिदण्डी स्वामी जी के श्रीविग्रह का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न किया गया था। साथ हीं मंदिर परिसर में उनके श्रीविग्रह को स्थापित किया गया।
354 total views, 2 views today