जिले के 40 पंचायतों में सुनी गईं जनता की समस्या
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार की अभिनव पहल के अंतर्गत आम रहिवासियों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित तथा समयबद्ध समाधान के लिए 2 जून को सारण जिला के 40 पंचायतों में एकसाथ सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जनता की समस्याएं सुनी गईं।
ज्ञात हो कि महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के तहत जिले के सभी प्रखंडों की दो-दो पंचायतों (कुल 40 पंचायतों) में शिविरों का सफल आयोजन किया गया। यह पहल राज्य सरकार की सरकार आपके द्वार की अवधारणा को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर बिहार के उप मुख्यमंत्री सह सारण के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने जिला के हद में तीन विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया और आमजन से संवाद स्थापित किया। उन्होंने जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के नयागांव पंचायत, दिघवारा प्रखंड की आमी पंचायत एवं गड़खा प्रखंड की फेरुसा पंचायत में आयोजित शिविरों का जायजा लिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार आम रहिवासियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाने के लिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर का आयोजन कर रही है। शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय-सीमा का अनुपालन नहीं करने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-थ्री के महत्वपूर्ण अवयव सबका सम्मान, जीवन आसान के तहत सरकार सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रही है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को सहयोग शिविर के माध्यम से दर्ज कराकर इस पहल का लाभ उठाएं।

उप मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि सहयोग शिविर में आवेदन देने के अतिरिक्त रहिवासी सहयोग पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा sahyog.bihar.gov.in पोर्टल विकसित किया गया है, जहां से आवेदन की स्थिति (स्टेटस) की भी निगरानी की जा सकती है। शिविर के दौरान पूर्व में प्राप्त एवं निष्पादित आवेदनों के लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। उपमुख्यमंत्री द्वारा कई लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र, शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृतियों एवं प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया।
सहयोग शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। इस अवसर पर सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, आपूर्ति पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, कृषि पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी, जन प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply