Advertisement

वीडियो संवाद से डीईओ सह डीसी ने की एसआईआर अभियान की समीक्षा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 5 जुलाई को वीडियो संवाद के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

बताया जाता है कि समीक्षा के दौरान डीईओ सह डीसी झा ने अभियान की प्रगति का आकलन करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि 6 एवं 7 जुलाई को विशेष अभियान चलाकर गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्रों के वितरण का लक्ष्य 50 प्रतिशत से ज्यादा तथा प्राप्त प्रपत्रों के 15 प्रतिशत से ज्यादा डिजिटाइजेशन का लक्ष्य पूरा करें।

उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ एवं प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया कि छह एवं सात जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से क्षेत्र में रहकर अभियान का संचालन करें। कहा कि अधिक से अधिक घरों तक गणना प्रपत्र पहुंचाना, उनका वितरण सुनिश्चित करना, प्राप्त प्रपत्रों का संग्रहण तथा समयबद्ध डिजिटाइजेशन अभियान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कहा कि सभी अधिकारी लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी गंभीरता, समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।

समीक्षा क्रम में डीईओ सह डीसी ने कहा कि एसआईआर-2026 लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान के सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं।
बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *