Advertisement

डीसी ने बागदा पहुंचकर गणेश महतो के स्वनिर्मित कुएं का किया निरीक्षण

मनरेगा के तहत कूप नहीं मिलने पर स्वयं मेहनत कर कराई थी कुएं की खुदाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने 6 जुलाई को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा बैठक के बाद जिला के हद में कसमार प्रखंड के बागदा गांव पहुंचकर ग्रामीण गणेश महतो द्वारा स्वयं की मेहनत से खोदे गए कुएं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार, बागदा रहिवासी गणेश महतो ने मनरेगा योजना के तहत कूप निर्माण का लाभ नहीं मिलने के कारण अपनी मेहनत और संसाधनों से ही कुएं की खुदाई कराई। ग्रामीणों के अनुसार, सिंचाई की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सरकारी सहायता का इंतजार करने के बजाय स्वयं पहल कर यह कार्य किया।

स्थल निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गणेश महतो से भेंट कर उनकी समस्याओं को सुना तथा कुएं की खुदाई से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुक तक समय पर पहुंचाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर कसमार के अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, पर्यवेक्षक किशोर कांत, बागदा पंचायत की मुखिया गीता देवी, समाजसेवी सुकदेव महतो सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी मौके पर उपलब्ध तथ्यों का अवलोकन किया और आवश्यक जानकारी उपायुक्त को उपलब्ध कराई।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कहा कि यदि किसी पात्र को योजना का लाभ नहीं मिला है, तो उसकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने उपायुक्त के गांव पहुंचकर मामले का संज्ञान लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की और उम्मीद जताई कि जांच के बाद उन्हें उचित न्याय एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *