Advertisement

डीसी ने डीईओ कार्यालय का निरीक्षण कर दिया अभिलेखों को अद्यतन करने का निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 3 जून को कैंप-टू स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण तथा विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजी एवं अभिलेखों का अवलोकन किया और उन्हें एक सप्ताह के भीतर पूर्ण रूप से अद्यतन एवं सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालयी अभिलेखों का सही एवं समयबद्ध संधारण प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता एवं दक्षता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों के वेतन भुगतान से संबंधित प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वेतन भुगतान की स्थिति की प्रत्येक माह नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी शिक्षक को वेतन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से लंबित मामलों का निष्पादन करने तथा आम जनता एवं शिक्षकों से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता बरतने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की इस पहल को शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही एवं सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *