Advertisement

एसआईआर को ले डीसी ने दिए निर्देश, 30 को मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 28 जून को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर गठित मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ईआरओ, एईआरओ, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ 29 एवं 30 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, मतदान केंद्रों पर बीएलओ की बैठक, चुनाव पाठशाला तथा हैशटैग अभियान की तैयारियों की डीसी ने समीक्षा की।

बैठक में डीसी ने कहा कि सोशल मीडिया मतदाता जागरूकता का प्रभावी माध्यम है, इसलिए सभी अधिकारी नियमित रूप से सक्रिय रहें और तथ्यात्मक एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही साझा करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम-से-कम एक से डेढ़ घंटे सोशल मीडिया गतिविधियों के लिए निर्धारित किए जाएं। उन्होंने बताया कि आगामी 30 जून को सुबह 11 से 12 बजे तक जिले के सभी 1,581 मतदान केंद्रों पर विशेष हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी अधिकारी एवं बीएलओ अधिक से अधिक पोस्ट कर #JharkhandSIR, #BokaroSIR और #BokaroSeJohar का उपयोग करेंगे तथा संबंधित आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को टैग करेंगे।

बैठक में डीसी ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ 30 जून को सुबह 10 बजे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दें। उन्होंने कोई भी पात्र मतदाता छूटेगा नहीं को अभियान की मुख्य टैगलाइन बनाते हुए व्यापक जन जागरूकता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में मीडिया एवं कम्युनिकेशन गतिविधियों, चुनाव पाठशाला के आयोजन तथा एसआईआर के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, डीपीआरओ रवि कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *