रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने बीते 3 जुलाई को डीवीसी (सीटीपीएस) प्रबंधन के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर श्रमिकों के रोजगार, मानव दिवस सृजन तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में श्रमिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संबंधित श्रमिकों के लिए प्रति माह 26 दिनों का मानव दिवस (मैन डेज) सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ठोस कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव एवं कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र मुख्यालय को भेजी जाए, ताकि आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर समयबद्ध तरीके से इसका क्रियान्वयन किया जा सके।
बैठक में उन्होंने डीवीसी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी औपचारिकताएं तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। बैठक के दौरान डीसी ने डीवीसी (सीटीपीएस) प्रबंधन से श्रमिकों को नियमित रोजगार उपलब्ध कराने, कार्य दिवसों में वृद्धि तथा उनसे जुड़े अन्य मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने को कहा। साथ हीं उन्होंने कहा कि श्रमिकों की आजीविका सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
डीसी झा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 15 जुलाई तक इस संबंध में सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली जाए तथा मुख्यालय के साथ पत्राचार की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा होने से श्रमिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। बैठक में डीवीसी (सीटीपीएस) प्रबंधन के अधिकारियों ने भी आवश्यक जानकारी साझा की तथा उपायुक्त को आश्वस्त किया कि प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
![]()













Leave a Reply