एस. पी. सक्सेना/बोकारो। प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसरोकार के प्रति प्रतिबद्धता का एक उदाहरण तब देखने को मिला, जब अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से अनशन पर बैठे बोकारो जिला के हद में चास रहिवासी सतीश जायसवाल के पास स्वयं जिला उपायुक्त (डीसी) पहुंचे और उनका अनशन समाप्त करवाया।
बताया जाता है कि एक जून को समाहरणालय से निकलने के दौरान जैसे ही बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा की नजर अनशन स्थल पर पड़ी, उन्होंने तत्काल चालक को गाड़ी रोकने और वापस अनशन स्थल की ओर पीछे ले जाने का निर्देश दिया। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच उनका यह कदम मौजूद तमाम जनों के लिए सुखद आश्चर्य का विषय था।

अनशन स्थल पर पहुंचकर उपायुक्त ने अनशनरत सतीश जायसवाल से आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। मौके पर ही डीसी ने अनुमंडल पदाधिकारी (चास) प्रांजल ढांडा को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संबंधित मामले में कार्रवाई का निर्देश दिया।
बोकारो डीसी के इस मानवीय व्यवहार से अनशनरत जायसवाल ने प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त किया और अपना अनशन तोड़ दिया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य जनों ने भी उपायुक्त की संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की। डीसी की पहल केवल एक अनशन समाप्त कराने तक सीमित नहीं, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जिला प्रशासन आम रहिवासियों की समस्याओं के प्रति सजग और संवेदनशील है।
![]()













Leave a Reply