Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी डीएवी गुवा की पूर्व छात्रा प्रियंका

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल गुवा की पूर्व छात्रा प्रियंका मिंज का चयन थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, क्षेत्र और जिले में हर्ष एवं गर्व का माहौल है।

जानकारी के अनुसार प्रियंका ने वर्ष 2018 में डीएवी गुवा से दसवीं तथा वर्ष 2020 में बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। छात्र जीवन से ही उन्होंने नृत्य और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। बैंकॉक रवाना होने से पूर्व 2 जुलाई को विद्यालय परिसर में उनके सम्मान में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार ने प्रियंका को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि प्रियंका की उपलब्धि पूरे विद्यालय, क्षेत्र और देश के लिए गौरव की बात है। उन्हें विश्वास है कि प्रियंका अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगी। उन्होने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक क्षमता, छात्र जीवन में सक्रिय भागीदारी, समुदाय में योगदान और दृढ़ जीवन के सफलता को
दर्शाते हैं। कहा कि मनुष्य जो भी उपलब्धि हासिल करता है उसकी मानकीकृत परीक्षा का प्रतिफल होता है।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षको द्वारा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रियंका के अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रियंका मिंज ने अपने गुरुजनों एवं विद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन, विद्यालय से मिले संस्कार और परिवार का सहयोग उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने उनके सफल प्रदर्शन की कामना करते हुए शुभकामनाओं के साथ विदाई दी। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका एवं छात्र-छात्रा उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *