Advertisement

हत्याकांडों के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को ले भाकपा माले ने प्रशासन को लिखा पत्र

भाकपा माले द्वारा आगामी 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव का ऐलान

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर थाना कांड क्रमांक-98/26 संजीव सहनी हत्याकांड समेत क्षेत्र के अन्य सभी हत्याकांडों के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, बढ़ते हत्या, लूट, छिनतई एवं आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भाकपा माले 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव करेगी। इस संबंध में पार्टी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) तथा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को पत्र भेजकर कार्यक्रम की सूचना दी है।

भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने 18 जून को बताया कि आगामी 22 जून को जनता मैदान ताजपुर से एक जुलूस निकाला जाएगा, जो बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ताजपुर थाना पहुंचेगा। जहां प्रदर्शन एवं सभा के माध्यम से प्रशासन को मांग-पत्र सौंपा जाएगा।

कहा कि कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी दिलाने को माले नेताओं यथा ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, आसिफ होदा, मो. एजाज, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, ललन दास, राजदेव प्रसाद सिंह आदि द्वारा लगातार जनता बैठक की जा रही है। माले नेता ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हत्या, लूट, छिनतई और गोलीबारी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम रहिवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आमजनों में पुलिस प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।

पार्टी ने मांग की है कि 98/26, नीम चौक सोना लूट कांड, किराना दुकानदार नरेश चौधरी गोलीकांड, दर्जिनिया चौर हत्याकांड, हरपुर भिंडी में पीट-पीटकर हत्याकांड समेत सभी लंबित हत्याकांडों के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा ताजपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। भाकपा माले ने क्षेत्र की जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं लोकतांत्रिक संगठनों से आगामी 22 जून के थाना घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *