Advertisement

माकपा नेता अयुब खान ने सीएम से की टोरी आरओबी मामले में हस्तक्षेप की मांग

टोरी आरओबी परियोजनाओं को रद्द किए जाने का निर्देश हो वापस-खान

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नीतीन गडकरी द्वारा टोरी आरओबी समेत 10 परियोजनाओं को रद्द करने का निर्देश तुगलकी फरमान है। उनके अपने मंत्रालय की असफलता पर पर्दा डालने की यह कवायद है, जिसका कड़ा विरोध किया जाएगा।

माकपा के राज्य कमिटी सदस्य अयुब खान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लातेहार जिला के हद में टोरी – चंदवा एनएच 99 नया 22 पर रद्द किए गए आरओबी मामले पर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

माकपा नेता खान ने 5 जुलाई को कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने अपने मंत्रालय की समीक्षा बैठक में झारखंड में 10 परियोजनाओं के पूरा नहीं होने का ठीकरा राज्य सरकार पर फोड़ दिया। उल्लेखनीय है कि टोरी चंदवा आरओबी परियोजनाओं की कई साल पहले निविदा प्रक्रिया स्वीकृत हो गई है। साथ ही बजट आवंटन के साथ काम का प्रारंभिक चरण भी पूरा हो गया है। टोरी – चंदवा एनएच 99 नया 22 पर फ्लाई ओवरब्रिज बनाए जाने की परियोजना भी रद्द परियोजनाओं की सूची में शामिल है।

खान का मानना है कि परियोजना को रद्द किए जाने का निर्देश सार्वजनिक धन की बर्बादी है। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) लातेहार जिला कमिटि राज्य सरकार से इस मामले मे अविलंब हस्तक्षेप किए जाने की मांग करता है। साथ ही निर्माण में यदि भूमि अधिग्रहण और मुआवजा बाधा के रुप में सामने आ रहा है तो रैयतों से बैठकर इसे हलकर जल्द से जल्द अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कर इसके निर्माण कार्य जल्द शुरू कराये जाने की मांग करती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *