Advertisement

मिस्टर लापरवाह नुक्कड़ नाटक के साथ सीसीएल में स्वच्छता पखवाड़ा का समापन

सफाई मित्रों के बीच किट वितरण कर दिया गया स्वच्छता का संदेश

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में बीते 16 जून से आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का 30 जून को समारोहपूर्वक समापन किया गया। सीसीएल मुख्यालय सहित सभी कोयला क्षेत्रों में 16 जून को स्वच्छता शपथ के साथ प्रारंभ इस अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित अनेक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया।

समापन समारोह में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) चंद्र शेखर तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष सहित सीसीएल के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित थे। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीसीएल स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा सभी कर्मियों एवं हितधारकों के सहयोग से स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।

निदेशक (तकनीकी एवं संचालन) चंद्र शेखर तिवारी ने कहा कि स्वच्छ कार्यस्थल न केवल बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देता है, बल्कि सुरक्षा और उत्पादकता को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी नियमित आदत बनाएं और इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। स्वच्छता पखवाड़ा समापन समारोह का प्रमुख आकर्षण मिस्टर लापरवाह नामक नुक्कड़ नाटक रहा। मनोरंजन के साथ महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देने वाले इस नाटक के माध्यम से आमजनों की लापरवाहीपूर्ण आदतों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी संदेश दिया गया।

समारोह के अंत में सीसीएल के सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया। ये कर्मी निरंतर अपने समर्पण एवं मेहनत से कार्यस्थलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) एवं निदेशक (तकनीकी/संचालन) द्वारा मंच पर सफाई मित्रों को स्वच्छता किट (कैनवास बैग, टी-शर्ट, ग्लव्स, मास्क, सैनिटाइजर, टिफिन बॉक्स, तौलिया आदि) प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के दौरान सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों, कॉलोनियों, कार्यस्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं श्रमदान जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। रांची स्थित ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कहा गया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए जागरूकता रैलियां निकाली गईं।

स्वच्छता पखवाड़े के प्रमुख कार्यक्रमों में बीते 28 जून को कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स डोरंडा के सहयोग से आयोजित स्वच्छता ऑन कैनवास-2026 चित्रकला प्रतियोगिता विशेष आकर्षण रही, जिसमें रांची के 30 विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं, सीसीएल के अरगड्डा क्षेत्र की वर्कशॉप में अनुपयोगी सामग्री (स्क्रैप) से मेक इन इंडिया की प्रतिमा तैयार कर कबाड़ से कंचन का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। इसके अलावा सीसीएल के रजरप्पा, कुजू एवं बरकासयाल क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा कपड़े एवं जूट के थैलों के वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से रहिवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतिम दिन 30 जून को राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीसीएल के महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ किया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा है। विभाग के अनुसार सीसीएल परिवार स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *