Advertisement

ढ़ोरी क्षेत्र में स्वच्छता पखवाड़ा संपन्न, दामोदर तट पर श्रमदान, बच्चे सम्मानित

एन. के. सिंह/​बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढ़ोरी क्षेत्र में 16 से 30 जून तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा का समापन 30 जून को उत्साह के साथ किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतिम दिन फुसरो स्थित हिंदुस्तान पुल के निकट दामोदर नदी तट पर एक वृहद सफाई अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का नेतृत्व ढोरी क्षेत्र के प्रभारी सीएसआर अधिकारी डीएस प्रसाद और पर्यावरण अधिकारी कुमार गौरव ने किया।​ सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिक नेताओं और सीआईएसएफ के जवानों ने एकजुट होकर नदी तट से कचरा हटाया और पूरे नदी क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। इस दौरान सभी ने स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की सामूहिक शपथ ली।​

इस अवसर पर सीएसआर अधिकारी प्रसाद और पर्यावरण अधिकारी गौरव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक पखवाड़ा या अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए। कहा कि दामोदर नदी हमारी जीवनदायिनी है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। सीसीएल प्रबंधन पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे जन -जागरूकता कार्यक्रमों को जारी रखा जाएगा।​

सफाई अभियान के उपरांत, स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता स्कूली बच्चों को उनके विद्यालय जाकर सीसीएल प्रबंधन की ओर से सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है।​ कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में श्रमिक नेता धीरज पांडेय, आर उनेश, विकास सिंह, नरेश महतो, हीरालाल रविदास सहित अनेक कर्मी और स्थानीय गणमान्य सक्रिय रूप से शामिल रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *