Advertisement

स्वच्छता पखवाड़ा पर आयोजित प्रतियोगिताओं में डीएवी कथारा के बच्चों ने लहराया परचम

झारखंड जोन आई के एआरओ डॉ जी. एन. खान ने बच्चों को किया सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक कार्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के समापन दिवस के अवसर पर 30 जून को भव्य सम्मान सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के प्रतिभावान बच्चों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सीसीएल के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।

उक्त जानकारी डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने दी। उन्होंने बताया कि समारोह में स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध लेखन और पेंटिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार सौंपे गए। जिन्हें डीएवी झारखंड जोन आई के क्षेत्रीय सहायक पदाधिकारी (एआरओ) सह डीएवी कथारा के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान ने विद्यालय परिसर में सम्मानित किया।

उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं यथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कक्षा 6 से 8 तक में प्रथम स्थान कक्षा सात बी के आरव कुमार, द्वितीय स्थान कक्षा छह बी के अभिनव शरण भट्ट तथा तृतीय स्थान कक्षा आठ बी के अर्पित कुमार ठाकुर, हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता (विषय – स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, कक्षा 9 और 10) में प्रथम स्थान कक्षा दस ए के अलिश्बा नैयर, द्वितीय स्थान कक्षा दस सी के शैली कुमारी तथा तृतीय स्थान कक्षा नवम सी की इशिका कुमारी, पेंटिंग प्रतियोगिता (कक्षा 11 और 12) में प्रथम स्थान कक्षा बारहवीं सी की प्राची सेठ, द्वितीय स्थान कक्षा बारहवीं ए की राज नंदनी तथा तृतीय स्थान कक्षा बारहवीं डी की प्राची कुमारी को सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि पुरस्कार वितरण के दौरान सीसीएल के पदाधिकारियों ने डीएवी कथारा के बच्चों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक को भी बेहद सराहा। पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि ये बच्चे हमारे देश की आने वाली पीढ़ी हैं। यदि आज की युवा पीढ़ी स्वच्छता के इस पावन और महत्वपूर्ण संदेश को आत्मसात कर लेगी, तो हमारा पूरा समाज और देश अनिवार्य रूप से स्वच्छ और समृद्ध बनेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन -आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को शुभकामना एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों, गतिविधियों और इसके गहरे महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रभावपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारे जीवन का मूल संस्कार होना चाहिए। मुझे पूर्ण विश्वास है कि हमारे विद्यालय के ये होनहार बच्चे स्वच्छता के इस अलख को न केवल अपने घरों तक सीमित रखेंगे, बल्कि इसे पूरे समाज और राष्ट्र के कोने-कोने तक फैलाएंगे।
प्राचार्य ने कहा कि जब तक हमारे नौनिहाल जागरूक नहीं होंगे, तब तक स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का सपना पूर्ण रूप से साकार नहीं हो सकता। कहा कि हमारे बच्चों का यह प्रयास देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी ने एक बार पुनः बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए साधुवाद दी।

ज्ञात हो कि बीते 16 जून से 30 जून तक स्वच्छता पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र दुबे, बी.के. दसौंधी, आराधना, राकेश रंजन, संजय महतो, प्रेम तिवारी, संगीत कुमार, ओशीन, खुशबू कुमारी, सुमन कुमारी, सुरभि दुबे सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की सराहनीय भूमिका रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *