रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मुरहुलसुदी पंचायत के पिरगुल नीचे टोला के रहिवासियों को बिजली संकट से बड़ी राहत मिली है।
बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से पिरगुल नीचे टोला का 25 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप्प थी। बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को पेयजल, घरेलू कामकाज और विशेषकर छात्रों की पढ़ाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों द्वारा समस्या से अवगत कराए जाने के बाद मुरहुलसुदी पंचायत के मुखिया पति मनोज कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की। उन्होंने तत्काल विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा और समस्या के समाधान के लिए निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई (फॉलो-अप) की। मुखिया पति के प्रयासों का ही नतीजा रहा कि विभाग द्वारा मात्र 12 घंटे के भीतर खराब पड़े 25 केवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर, वहां अधिक क्षमता का 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया गया।
नए ट्रांसफार्मर के अधिष्ठापन के पश्चात मुखिया पति मनोज कुमार द्वारा 2 जून को विधिवत फीता काटकर और नारियल फोड़कर नया ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया गया। नए और उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति बहाल होते ही पूरे गांव में हर्ष की लहर दौड़ गई। ग्रामीण रहिवासियों ने मुखिया पति की सक्रियता और जनहित के प्रति उनकी सजगता की भूरी-भूरी सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मौके पर मुखिया पति ने कहा कि जन समस्याओं का समय पर समाधान करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कहा कि पिरगुल नीचे टोला में बिजली संकट की सूचना मिलते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगवाने का प्रयास किया। पंचायत के विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ग्रामीणों को आगे भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
ग्रामीण रहिवासियों का कहना था कि बिजली न होने से वे काफी परेशान थे, लेकिन जनप्रतिनिधि की तत्परता से इतने कम समय में समस्या का समाधान हो जाएगा, इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी पंचायत स्तर पर जनहित के कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता दी जाएगी।
मौके पर ये मुख्य रूप से नरेश महतो, वीरेंद्र महतो, विजय महतो, सिकंदर ठाकुर, चंद्र किशोर महतो, शफीक अंसारी, मनोज कुमार, हुसैन अंसारी, मुकेश महतो, करमा ठाकुर, वरुण महतो, शिवा महतो, नीरज ठाकुर, लाल किशोर महतो, गंगा ठाकुर, अखिल महतो सहित दर्जनों स्थानीय ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे। सभी ने नए 63 केवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों एवं विद्युत विभाग का धन्यवाद ज्ञापित किया।
![]()













Leave a Reply