Advertisement

ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने को ले सहयोगिनी की बैठक में मुखिया शामिल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पोंडा पंचायत भवन में 29 जून को सहयोगिनी संस्था द्वारा स्टेकहोल्डर्स (हितधारकों) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाना था।

​ ​बैठक में मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा महिलाओं के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही बाल विवाह और महिला हिंसा के कुप्रभावों पर भी प्रकाश डाला गया। मौके पर मौजूद पोंडा पंचायत के मुखिया हारु रजवार ने कहा कि सरकार द्वारा समाज के अंतिम जरूरतमंद के विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद इसके लाभ से वंचित रह जाते हैं। ​उन्होंने बताया कि ई-श्रम पोर्टल और श्रम विभाग में निबंधन कराने से श्रमिकों को दुर्घटना बीमा, चिकित्सा सहायता और उनके बच्चों को छात्रवृत्ति का सीधा लाभ मिलता है।

​ इस अवसर पर ​सहयोगिनी की समन्वयक कुमारी किरण ने महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा और स्वावलंबन पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। बैठक में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना और मातृ वंदना योजना जैसी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत योग्य महिलाओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। ​उन्होंने बताया कि
​सहयोगिनी का मुख्य उद्देश्य योजनाओं को फाइलों से निकालकर धरातल पर उतारना है।

​इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहिया और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिलकर एक सेतु के रूप में कार्य करना होगा। कहा कि ​संस्था द्वारा कसमार प्रखंड के 30 गांवों में बाल विवाह उन्मूलन तथा किशोरी नेतृत्व पर विशेष कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। आयोजित बैठक में कमलापुर की वार्ड सदस्य खीरी देवी, वीरगोडा की सेविका सावित्री देवी, पोंडा से सुभाष गोस्वामी, मंजु देवी, भूमि झा, श्रेया साहनी, विवेक कुमार नायक, नीलम देवी, पूजा देवी सहित कई स्थानीय ग्रामीण रहिवासी व् कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *