एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना क्षेत्र के ढोरी पांच नंबर रहिवासी अनीता देवी मौत मामले को लेकर हुए आंदोलन और सड़क जाम प्रकरण में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बेरमो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धनबाद सांसद ढुलू महतो, डुमरी विधायक जयराम महतो समेत 12 के खिलाफ बेरमो थाना में प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुवा के आवेदन पर बेरमो थाना में मामला दर्ज की गई है। अनुमंडल प्रशासन का आरोप है कि अनीता देवी की मौत के विरोध में चल रहे आंदोलन के दौरान अमलो चौक के समीप सड़क जाम कर यातायात बाधित किया गया तथा सरकारी कार्य में अवरोध उत्पन्न किया गया।
प्राथमिकी में कहा गया है कि आंदोलन के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई थी। बेरमो पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190, 191(2), 126(2), 285, 127(2), 352, 351(3), 221, 223 एवं 45 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में गैर कानूनी ढंग से जमावड़ा, सरकारी कार्य में बाधा, आदेश की अवहेलना, धमकी और शांति भंग से जुड़े आरोप शामिल हैं।
एसडीओ द्वारा दर्ज प्राथमिकी में धनबाद सांसद ढुलू महतो, डुमरी विधायक जयराम महतो, विनोद विश्वकर्मा, अमन कुमार रवि, कुनाल महतो, विनोद चौहान, राजकुमार गिरि, बोकारो जिला भाजपा उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, आनंद कुमार, सूरजकांत पांडेय उर्फ सूरज पांडेय और टिंकू शर्मा को नामजद आरोपी बनाया गया है। ज्ञात हो कि अनीता देवी मौत मामले को लेकर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से राजनीतिक सरगर्मी तेज थी।
मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने आंदोलन किया था। अब आंदोलन को लेकर दर्ज मामले के बाद मामला और गरमा गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अनीता की मौत पर शुरू हुई लड़ाई अब सड़क से निकलकर कानूनी और राजनीतिक मोर्चे पर पहुंच गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में सियासत और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
फुसरो में चेन छिनतई की घटना, सीसीटीवी कैमरे में दर्ज
एक अन्य समाचार के अनुसार बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो बाजार के कश्मीर क्लॉथ स्टोर के समीप मेन रोड में बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला का गले से चेन छीन कर फरार हो गया। पास के दुकान में लगी सीसीटीवी के कैमरे में घटना का फुटेज रिकॉर्ड कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
![]()













Leave a Reply