एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में चास प्रखंड के काला पत्थर में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने 6 जुलाई को यहां 9.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विधिवत शिलान्यास सह भूमिपूजन किया। इस परियोजना का निर्माण जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से किया जाएगा।
ज्ञात हो कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद बोकारो और आसपास के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक ही परिसर में कई आधुनिक खेल सुविधा उपलब्ध होंगी। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के पहले चरण में 2.5 एकड़ भूमि पर बनेगा इंडोर स्टेडियम।
इस अवसर पर बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। कहा कि यहां बास्केटबॉल और बैडमिंटन सहित विभिन्न इंडोर खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए स्विमिंग पूल, मेडिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें प्रशिक्षण एवं अभ्यास के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि आधुनिक आउटडोर स्टेडियम परियोजना के दूसरे चरण में आधुनिक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। कहा कि इसके विकसित होने से चास, बोकारो और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और बड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक सिंह ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देना है। कहा कि बेहतर संसाधन उपलब्ध होने से स्थानीय खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तरीके से तैयारी कर सकेंगे। शिलान्यास समारोह में विधायक ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि चास के काला पत्थर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी।
विधायक ने संबंधित विभाग के अभियंताओं और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए और परियोजना के क्रियान्वयन में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उपस्थित रहिवासियों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण को लेकर उत्साह देखा गया।
रहिवासियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे बोकारो में खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। मौके पर संवेदक नईम अंसारी, कांग्रेस नेता छोटू अंसारी, चास मुफस्सिल कांग्रेस मंडल कमेटी अध्यक्ष हीरालाल शर्मा, लालमोहन शर्मा, गयाराम शर्मा, जिप सदस्य रिम्पा चक्रवर्ती, काला पत्थर पंचायत के मुखिया दिनेश कुमार रजक, इमरान अंसारी, मिथिलेश शर्मा, अमर चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply