Advertisement

कसमार प्रखंड में ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल का प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में प्रखंड सह-अंचल कार्यालय कसमार के सभागार में 30 जुलाई को सबकी योजना, सबका विकास अभियान 2026-27″ के अंतर्गत ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल (जीपीएफटी) का दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अधिक प्रभावी, सहभागी एवं परिणामोन्मुख बनाना था।

जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान ट्रेनर सह मुखिया तेजलाल महतो तथा अभिषेक कुमार ठाकुर ने प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की प्रक्रिया, पंचायतों की भूमिका एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों (एलएसडीजी) के स्थानीयकरण पर विशेष चर्चा करते हुए बताया कि पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं एवं समस्याओं के आधार पर प्राथमिकताएं निर्धारित कर योजनाएं तैयार करनी चाहिए, ताकि समावेशी एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण में पंचायतों के पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई) स्कोर की भी समीक्षा की गई। जिन विषयों एवं संकेतकों में पंचायतों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम पाया गया, उनमें सुधार के लिए कार्य योजना तैयार करने, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने तथा जन भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

मौके पर ट्रेनर तेजलाल महतो ने कहा कि पंचायतों का समग्र विकास तभी संभव है, जब योजनाओं का निर्माण स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप हो तथा उनके क्रियान्वयन में सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्यों से पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की अपील की।

प्रशिक्षण में कसमार प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के ग्राम पंचायत सहजकर्ता दल के सदस्य, मुखिया, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, वार्ड सदस्य, सीएसओ प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने पंचायतों के समग्र विकास, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए।

इस अवसर पर मुखिया हारु रजवार, गीता देवी एवं चंद्रशेखर हेंब्रम, पंचायत सचिव गीता कुमारी, अर्चना कुमारी, इमरोज अहमद एवं धरणीधर सिंह, पंचायत सहायक मिथिलेश कुमार महतो, लव कुश रजवार, रीना देवी, सुनीता देवी, हेमंती देवी, साहिना बेगम एवं अली इमाम, वार्ड सदस्य प्रकाश कुमार महतो, पार्वती देवी, सरिता देवी, खीरी देवी एवं विनोद महतो तथा सीएसओ प्रतिनिधि सुनीता देवी, ज्योति देवी, मंजू देवी एवं प्रकाश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *