Advertisement

ताजपुर में अभाकिम की बैठक में प्रखंड सम्मेलन एवं नए सदस्य बनाने का निर्णय

किसानों की हकमारी के खिलाफ होगा आंदोलन-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। अखिल भारतीय किसान महासभा प्रखंड कमिटी की बैठक 6 जुलाई को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर वार्ड-27 में आयोजित किया गया। अध्यक्षता किसान नेता ललन दास ने की। जिला सचिव ललन कुमार के पर्यवेक्षण तथा भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के आतिथ्य में बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती लागत और फसलों का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। किसानों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के ऋण माफ करने, खेती के लिए नि:शुल्क बिजली, पानी, खाद, बीज एवं कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई।

बैठक में धान एवं सब्जी की रोपाई का समय होने के बावजूद यूरिया, डीएपी और पोटाश जैसे उर्वरकों की किल्लत एवं नकली उर्वरक की खुलेआम बिक्री पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं, संगठन को गांव-गांव और टोला-टोला तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगामी दिनों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर एक हजार किसानों को संगठन से जोड़ने तथा आगामी 2 अगस्त को प्रखंड सम्मेलन आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

बैठक को राजदेव प्रसाद सिंह, रवींद्र प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, कैलाश सिंह, संजीव राय, मुंशीलाल राय, शिवन सिंह एवं शंकर महतो सहित अन्य किसानों ने संबोधित करते हुए किसानों की समस्याओं और संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *