पुत्र शीतल समीर चौबे ने दी मुखाग्नि, गणमान्य व् हजारों नम आंखों से दी अंतिम विदाई
प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार रहिवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय संजय कुमार चौबे 30 जुलाई को पंचतत्व में विलीन हो गए। कसमार प्रखंड के समीप स्थित खांजो नदी तट पर पूरे वैदिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र शीतल समीर चौबे ने मुखाग्नि दी।
दिवंगत चौबे के अंतिम संस्कार में दर्जनों जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के हजारों रहिवासियों ने शामिल होकर नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इससे पूर्व बोकारो के नया मोड़ स्थित को-ऑपरेटिव कॉलोनी के दिवंगत के आवास से पार्थिव शरीर को कसमार स्थित पैतृक आवास लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही रहिवासियों का तांता लगा रहा। यहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में आम व् खास शामिल हुए।
गौरतलब है कि भाजपा नेता संजय कुमार चौबे का बीते 28 जुलाई की शाम देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी से की थी। बाद में झारखंड विकास मोर्चा के गठन के समय संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पुनः भाजपा में लौटकर कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके निधन को क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन की अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
इस अवसर पर आजसू नेता एवं गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि संजय कुमार चौबे का निधन केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि पूरे बोकारो जिले और झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक कर्मठ, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे। उनका सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणा देता रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।

पूर्व डीएसपी एवं समाजसेवी सूर्य भूषण शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय चौबे सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने हमेशा समाजहित को सर्वोपरि रखा। उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके विचार और कार्य समाज को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि संजय कुमार चौबे सभी वर्गों के सुख-दु:ख में सहभागी रहते थे। उनका सरल स्वभाव और जनसेवा की भावना हमेशा याद की जाएगी।
उनके निधन से कसमार क्षेत्र ने अपना एक लोकप्रिय मार्गदर्शक खो दिया है। जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज ने कहा कि स्वर्गीय चौबे का पूरा जीवन समाज और संगठन के लिए समर्पित रहा। वे हमेशा आमजनों को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। उनका निधन हम सभी के लिए व्यक्तिगत क्षति है। शोक व्यक्त करते हुए भाजपा के वरीय नेता लक्ष्मण कुमार नायक ने कहा कि संजय कुमार चौबे का संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और कार्यशैली आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। कहा कि भाजपा ने एक अनुभवी, समर्पित और संघर्षशील नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।
दिवंगत के अंतिम संस्कार में पूर्व डीएसपी सूर्य भूषण शर्मा, जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज, भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण कुमार नायक, परमेश्वर नायक, यदुनंदन जायसवाल, शकुन अंसारी, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, दिवाकर महतो, सकुर अंसारी, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, राजेश पांडेय, आनंद महतो, अनीश जायसवाल, भवानी मुखर्जी, विपिन भूषण शर्मा, सूरज जायसवाल, राजेश कपरदार, धनलाल, पूर्व मुखिया सिकंदर कपरदार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य संतोष महतो सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply