Advertisement

सड़क पर हंप (ठोकर) से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आईएल स्थित पिट्स मॉडर्न स्कूल के समीप सड़क पर बने हंप (स्पीड ब्रेकर) से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। मृतक हजारीबाग जिला के हद में विष्णुगढ़ रहिवासी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 19 जून की अहले सुबह गोमिया प्रखंड के हद में आईईएल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना पिट्स मॉडर्न स्कूल के समीप सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के कारण घटित हुई। मृतक की पहचान विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के करंज मोड़ रहिवासी 39 वर्षीय संतोष कुमार बर्णवाल उर्फ सोनू के रूप में की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक संतोष कुमार बर्णवाल किसी जरूरी कार्य से मोटरसाइकिल से गोमिया की ओर आ रहा था। इस दौरान पिट्स मॉडर्न स्कूल के समीप सड़क पर बने हंप की ठोकर से उसका बाइक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ब्रेकर का सही अंदाजा नहीं लगा सका और वह दुर्घटना का शिकार हो गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय रहिवासी एवं पुलिस की सहायता से घायल को तत्काल गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की पुष्टि करते हुए आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि सड़क दुर्घटना 19 जून की अहले सुबह हुई है। दुर्घटना में घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था, किन्तु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी पूर्वक और निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चलाने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *