अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के विकास मानचित्र पर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 6 जुलाई को जिला समाहरणालय सभा कक्ष में सोनपुर आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में प्राधिकार के दूसरे विस्तार प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है। जिला के हद में मकेर और अमनौर प्रखंडों के शामिल होने के बाद अब यह लगभग 800 वर्ग किलोमीटर (798.94 वर्ग किमी) के दायरे के साथ बिहार के सबसे बड़े आयोजना क्षेत्रों में से एक बन जाएगा। इस महा-विस्तार के प्रस्ताव को अब अंतिम अधिसूचना के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजा जा रहा है।
बैठक में ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने इस विज़न की सराहना करते हुए एक बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि नया विस्तारित सोनपुर आयोजना क्षेत्र भविष्य में नया पटना के स्वरूप में विकसित होगा। कहा कि इस महा-आयोजना को धरातल पर उतारते समय हमारे अन्नदाताओं (किसानों) के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और विकास की हर प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सारण समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित बैठक में बताया कि इस क्षेत्र का विकास बेहद सुनियोजित तरीके से हो रहा है। कहा कि वर्ष 2023 में पहली बार यह आयोजना क्षेत्र अधिसूचित किया गया। वर्ष 2025 में पहला विस्तार कर इसका दायरा 600 वर्ग किमी किया गया (जिसमें दरियापुर, दिघवारा, सोनपुर, गड़खा और परसा शामिल है।
वर्ष 2026 के वर्तमान प्रस्ताव में मकेर और अमनौर के जुड़ने से लगभग 200 वर्ग किमी का अतिरिक्त क्षेत्र शामिल होगा। उन्होंने बताया कि अब इस महा-क्षेत्र के तहत कुल 575 राजस्व ग्राम और 3 शहरी प्रशासनिक इकाइयां आएंगी।
कहा गया कि इस क्षेत्र को भविष्य का सबसे बड़ा हब बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं समाहित की गई हैं, जिनमें मेगा टाउनशिप और इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।
यहां हरिहरनाथपुरम ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, सोनपुर ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, हरिहरनाथ कॉरिडोर और एक हाई-टेक फिल्म सिटी जैसी परियोजनाएं प्रस्तावित और क्रियाशील हैं।
ज्ञात हो कि, एनएच 139 डब्ल्यू, शेरपुर-दिघवारा ब्रिज, पटना रिंग रोड, गंगा-अम्बिका पथ तथा गंगा-नारायणी पथ के कारण छपरा-पटना राजमार्ग के किनारे हो रहे तीव्र विकास को सुव्यवस्थित किया जाएगा। यह ग्लोबल टूरिज्म हब के रूप में विकसित होगा।

विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला, ऐतिहासिक हरिहरनाथ मंदिर और धार्मिक स्थल अम्बिका भवानी स्थान को वैश्विक स्तर की बुनियादी सुविधाएं दी जाएंगी। नियोजित विकास व रोजगार की गारंटी होगी।बढ़ती आबादी को देखते हुए सड़क, पानी, बिजली और परिवहन की वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं विकसित होंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर बंपर रोजगार और व्यावसायिक अवसरों का सृजन होगा।
इस ऐतिहासिक बैठक में सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह, छपरा विधायक छोटी कुमारी, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त (छपरा) रंजीत कुमार सहित सभी संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। यह विस्तार न सिर्फ सारण बल्कि पूरे बिहार के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य को बदलने वाला साबित होगा।
![]()













Leave a Reply