Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय माहवारी अभियान: चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो के तहत जागरूकता रैली

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा में प्रोजेक्ट बदलाव के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय माहवारी अभियान चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो का आयोजन 2 जून को चाईबासा जिला उपायुक्त के आदेशानुसार किया गया।

जानकारी के अनुसार अभियान का उद्देश्य माहवारी से जुड़े मिथकों को दूर करना तथा महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। अभियान का संचालन जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी एवं अनुराधा राव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी तथा पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी ने की। इस दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

बताया जाता है कि गुवा पूर्वी पंचायत भवन से निकाली गई जागरूकता रैली स्थानीय कच्छी धौड़ा, विवेक नगर, रेलवे मार्केट और रामनगर होते गुवा बाजार पहुंची। रैली के दौरान महिलाओं ने स्वच्छता, माहवारी स्वास्थ्य प्रबंधन तथा महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता संदेशों का प्रचार-प्रसार किया। महिलाओं ने रहिवासियों से माहवारी को लेकर चुप्पी तोड़ने और इस विषय पर खुलकर चर्चा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की आवश्यकता है। अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को स्वच्छता अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी देने तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *