Advertisement

ऑनलाइन पढ़ाई से चिलगड्डा के अंकित कुमार नायक बने चार्टर्ड अकाउंटेंट, क्षेत्र में हर्ष

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के चिलगड्डा रहिवासी अंकित कुमार नायक ने ऑनलाइन अध्ययन के माध्यम से देश की प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे प्रखंड में हर्ष का माहौल है।

बताया जाता है कि अंकित के पिता विशेश्वर नायक सहायक अध्यापक हैं, जबकि माता उषा देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं। अंकित की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

इस अवसर पर बीपीओ सपन कुमार दास ने कहा कि अंकित की सफलता पूरे जरीडीह प्रखंड के लिए गर्व का विषय है। कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ यह मुकाम हासिल किया है, वह ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर प्रयास किया जाए तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। अंकित ने यह साबित कर दिया है कि ऑनलाइन पढ़ाई के माध्यम से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

मौके पर सहायक अध्यापक संघ के बोकारो जिलाध्यक्ष अजय कुमार नायक ने कहा कि अंकित ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और पूरे क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है। उनकी सफलता ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों में नया आत्मविश्वास जगाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे बड़ी ताकत है और अंकित की उपलब्धि यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, धैर्य और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अंकित की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करने का आह्वान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *