रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जैनमोड़ स्थित मां आभूषणालय के संचालक रंजीत बरनवाल से बीते दिनों हुई लूट की घटना के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के दो दिन बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिलने पर चैंबर ऑफ कॉमर्स जैनामोड़ कार्यालय में 3 जुलाई को क्षेत्र के व्यापारियों की आपात बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि यथाशीघ्र पुलिस लूटकांड का उद्भेदन कर अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं करती है, तो 4 जुलाई को चैंबर कार्यालय से मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं 5 जुलाई को सुबह से दोपहर 2 बजे तक सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान सांकेतिक रूप से बंद रखे जाएंगे। व्यापारियों ने सभी व्यवसायियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में.चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि मां आभूषणालय के संचालक से हुई लूट की घटना ने पूरे व्यापारी समाज को झकझोर दिया है। घटना के दो दिन बाद भी अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिलना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। व्यापारी वर्ग लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में कारोबार करने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास बहाल करना चाहिए। यदि तय समय तक कांड का खुलासा नहीं होता है, तो व्यापारी लोकतांत्रिक तरीके से मशाल जुलूस और सांकेतिक बंद के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
![]()













Leave a Reply